सरायकेला में महिला पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार
Seraikella
सरायकेला। सरायकेला थाना पुलिस ने महिला पर जानलेवा हमला करने के मामले का त्वरित उद्भेदन करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को सीनी ओपी क्षेत्र के स्वर्णपुर निवासी एक महिला ने आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उसके पति सोमरा हेंब्रम ने लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा बिजली के तार से गला घोंटकर हत्या का प्रयास किया।
मामले में सरायकेला थाना कांड संख्या 54/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 238 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान तकनीकी एवं पारंपरिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सोमरा हेंब्रम (39 वर्ष) की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लगभग एक मीटर लंबी लोहे की रॉड तथा बिजली का तार बरामद किया है।
छापेमारी दल में एसडीपीओ सरायकेला, सरायकेला थाना प्रभारी सहित सीनी ओपी के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
