केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, झारखंड की सड़क परियोजनाओं पर हुई चर्चा
New Delhi
नई दिल्ली: झारखंड की राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क अवसंरचना परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान झारखंड की विभिन्न महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क अवसंरचना परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र गति देने पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान विशेष रूप से खूंटी बाइपास के जल्द निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि खूंटी बाइपास बनने से शहर में यातायात का दबाव कम होगा, सड़क सुरक्षा में सुधार आएगा तथा आम लोगों के लिए आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। साथ ही यह परियोजना खूंटी एवं आसपास के आदिवासी क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि बाइपास के निर्माण से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। इसके अलावा झारखंड में लंबित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को जल्द पूरा करने तथा राज्य में सड़क अवसंरचना के समग्र विकास को गति देने के संबंध में भी सकारात्मक एवं सार्थक विचार-विमर्श हुआ।
