राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत चांडिल एवं गम्हरिया प्रखंड के आयुष ग्रामों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 94 लाभार्थियों को मिला स्वास्थ्य लाभ…*
Seraikella Kharsawan
उपायुक्त सरायकेला-खरसावाँ के निर्देशानुसार राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पूनम के पर्यवेक्षण में आज दिनांक 13 जुलाई, 2026 को आयुष ग्राम बांसा (पंचायत-धोनाबुरु, प्रखंड-चांडिल) एवं आयुष ग्राम यशपुर (प्रखंड-गम्हरिया) में आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड शुगर जांच तथा होम्योपैथिक औषधियों का वितरण किया गया।

आयुष ग्राम यशपुर, प्रखंड-गम्हरिया में आयोजित शिविर में कुल 51 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क होम्योपैथिक औषधियों का वितरण किया गया।
वहीं आयुष ग्राम बांसा, पंचायत-धोनाबुरु, प्रखंड-चांडिल में आयोजित शिविर में कुल 43 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान जोड़ों के दर्द, खाज-खुजली, सर्दी-खांसी, गैस्ट्राइटिस सहित अन्य सामान्य रोगों से संबंधित मरीजों का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार होम्योपैथिक औषधियों का निःशुल्क वितरण किया गया। साथ ही सभी लाभार्थियों की निःशुल्क ब्लड शुगर जांच भी की गई।
राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत आयोजित इन स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष आधारित स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुदृढ़ करना, सामान्य रोगों का समय पर उपचार उपलब्ध कराना, निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देना तथा आमजन को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को उनके निकट ही सुलभ, निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिला प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय आयुष मिशन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप जिले के विभिन्न आयुष ग्रामों में नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा सके।
