खरसावां के कृष्णापुर में आषाढ़ी पूजा संपन्न, अच्छी बारिश और भरपूर फसल की कामना,
kharsawan
खरसावां प्रखंड के कृष्णापुर गांव में रविवार को पारंपरिक आस्था और रीति-रिवाज के साथ आषाढ़ी पूजा का आयोजन किया गया। धान की खेती शुरू होने से पहले आयोजित इस पारंपरिक पूजा में ग्रामीणों ने अच्छी बारिश, भरपूर फसल और गांव की सुख-समृद्धि की कामना की।
गांव के देउरी अशोक महतो ने जाहिरा स्थल पर ग्राम देवता (गराम देवता) एवं मां पाउड़ी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। परंपरा के अनुसार बकरे एवं मुर्गे की बलि अर्पित कर बेहतर वर्षा और कृषि कार्य की सफलता के लिए प्रार्थना की गई। ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार आषाढ़ी पूजा के बाद ही किसान खेतों में हल चलाना, धान की रोपाई एवं अन्य कृषि कार्य शुरू करते हैं। मान्यता है कि इस पूजा से अच्छी वर्षा होती है और फसल अच्छी होती है।

पूजा में पूरे गांव के महिला-पुरुष श्रद्धापूर्वक शामिल हुए। पूजा-अर्चना के बाद सभी ने सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण किया तथा गांव में सुख-शांति, समृद्धि, सभी लोगों के स्वस्थ एवं निरोग रहने की कामना की। इस अवसर पर भुवनेश्वर महतो, महेश महतो, सुरत महतो, कपूर महतो, आनंद महतो, कमल महतो, उदित महतो, सुदर्शन महतो, दिनदयाल नापित, राजकिशोर महतो, सुनील महतो, सिकंदर महतो, संतोष महतो, सानो महतो, जितेन्द्र महतो, टिकाचरण महतो, बलराम महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
