जिला फुटबॉल लीग: रीडिंग एफसी की शानदार वापसी, आरएफटीसी खरसावां ने 10-1 से दर्ज की एकतरफा जीत
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग अर्जुना कप के तहत शनिवार को अर्जुना स्टेडियम, खरसावां में खेले गए दोनों मुकाबलों में रोमांच और गोलों की बरसात देखने को मिली। पहले मैच में रीडिंग एफसी ने दो गोल से पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए डीकेएमसी नारायणबेड़ा को 4-2 से हराया। वहीं दूसरे मुकाबले में आरएफटीसी खरसावां ने डीकेएफसी खरसावां को 10-1 से रौंदकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। पहले मैच में डीकेएमसी नारायणबेड़ा ने शानदार शुरुआत की। टीम के प्रेम माझी ने 13वें मिनट में पहला गोल दागकर बढ़त दिलाई, जबकि 30वें मिनट में झांगू टुडू ने दूसरा गोल कर पहले हाफ तक टीम को 2-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।
मध्यांतर के बाद रीडिंग एफसी ने आक्रामक खेल दिखाया। 37वें मिनट में बिक्रम बानरा ने पहला गोल किया। इसके बाद 40 वें मिनट में प्रियांशु, 41वें मिनट में हिंगूलाल हेंब्रम और 70वें मिनट में सुशील तीयू ने गोल कर टीम को 4-2 की यादगार जीत दिलाई।
दूसरे मुकाबले में आरएफटीसी खरसावां पूरी तरह हावी रही। आकाश मुर्मू और शिवनाथ मुंडा ने हैट्रिक लगाई, जबकि कुणाल बेहरा ने दो गोल किए। चंद्रमोहन सोय और अंकित मरांडी ने एक-एक गोल कर टीम की 10-1 की विशाल जीत में अहम योगदान दिया। मैचों में रेफरी की जिम्मेदारी दीकु हेंब्रम, विशाल गोप, अनुराग सोय, विकास कुमार और कृष्णा पाड़िया ने निभाई।
12 जुलाई के मुकाबले:
पहला मैच: एमएलसी भेलाईडीह बनाम गॉड फादर खूंटपानी (दोपहर 2:00 बजे)
दूसरा मैच: टेंगाडीह नीमडीह बनाम एवरेस्ट क्लब मुंडाटांड (अपराह्न 3:30 बजे)
दोनों मुकाबले बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में खेले जाएंगे।
