*झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति ने सरायकेला-खरसावाँ जिले में की समीक्षा बैठक, अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश…*
Seraikella
झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति ने आज सरायकेला-खरसावाँ जिले का दौरा किया। जिला आगमन पर उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक एवं उप विकास आयुक्त ने समिति के सभापति श्री रामचंद्र सिंह तथा समिति के सम्मानित सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इसके उपरांत परिसदन सभागार में सदाचार समिति के सभापति श्री रामचंद्र सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा, परियोजना निदेशक आईटीडिए श्रीमती उषा मुंडू, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार , अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी समेत जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक के दौरान विभिन्न विभागों में अनुकंपा के आधार पर प्राप्त नियुक्ति संबंधी आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई। समिति ने लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र एवं अहर्ताधारी आश्रितों के मामलों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
समिति ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य दिवंगत सरकारी सेवकों के आश्रित परिवारों को समय पर संबल प्रदान करना है। अतः लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करते हुए पात्र लाभुकों को नियमानुसार नियुक्ति उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े।
बैठक के दौरान विभागवार लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित मामलों के निष्पादन की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
