सदाचार समिति की बैठक आज, योजनाओं का भी होगा निरीक्षण
Seraikella
सरायकेला। झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति शनिवार दोपहर सरायकेला पहुंची। समिति के सभापति सह मणिका विधायक रामचंद्र सिंह तथा सदस्य सह सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो का परिसदन में जिला प्रशासन की ओर से स्वागत किया गया। इस दौरान एनडीसी एवं जिला कृषि पदाधिकारी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
जानकारी के अनुसार समिति द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित समीक्षा बैठक शनिवार अपराह्न 2 बजे आयोजित की गई है। बैठक में विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रगति तथा जनहित से जुड़े मामलों की जानकारी ली जाएगी। साथ ही समिति सरकार की विभिन्न योजनाओं के संचालन एवं कार्यान्वयन की स्थिति की भी समीक्षा करेगी।
बैठक के उपरांत समिति के सदस्य जिले में संचालित चयनित विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण भी करेंगे। निरीक्षण के दौरान योजनाओं की गुणवत्ता, प्रगति तथा लाभुकों को मिल रहे लाभ का जायजा लिया जाएगा। समिति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
