*13 जुलाई को खरसावाँ प्रखंड अंतर्गत पंचायत भवन, खरसावाँ में लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित होगा, ऑनलाइन स्लॉट बुक करा चुके अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने की अपील…*
Kharsawan
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिला परिवहन कार्यालय, सरायकेला-खरसावाँ द्वारा प्रखंडवार लर्नर लाइसेंस (Learner Licence) शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 13 जुलाई, 2026 को खरसावाँ प्रखंड अंतर्गत पंचायत भवन, खरसावाँ में लर्नर लाइसेंस शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर में हरीभंजा, बीटापुर, चिलगु, रीडींग, बुरुडीह, शिमला, खरसावाँ एवं जोजोडीह पंचायत के वे सभी आवेदक शामिल होंगे, जिन्होंने पूर्व से ऑनलाइन स्लॉट बुक कराया है। शिविर में लर्नर लाइसेंस के लिए दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन की जांच तथा लर्नर लाइसेंस परीक्षा निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी।
जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा संबंधित सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने साथ ऑनलाइन आवेदन की प्रति, स्लॉट बुकिंग की प्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर शिविर स्थल पर उपस्थित हों, ताकि लर्नर लाइसेंस की प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न कराई जा सके।
जिला परिवहन कार्यालय ने आम नागरिकों से परिवहन विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही ऑनलाइन सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है। साथ ही लर्नर लाइसेंस एवं ड्राइविंग लाइसेंस के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप ऑनलाइन आवेदन एवं स्लॉट बुकिंग करने का आग्रह किया गया है।
इसके अतिरिक्त सभी वाहन चालकों से वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन का परिचालन करने, यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने एवं सड़क सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने की अपील की गई है।
*आवेदक अपने साथ निम्नलिखित दस्तावेज अवश्य लाएँ—*
• ऑनलाइन आवेदन की प्रति (Application Form)
• स्लॉट बुकिंग की प्रति
•आधार कार्ड की छायाप्रति
•अन्य आवश्यक दस्तावेज, जिनका उल्लेख आवेदन प्रक्रिया में किया गया है।