*57-खरसावाँ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार ने SIR-2026 के तहत डिजिटाइजेशन कार्यों की समीक्षा की, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश…*
Seraikella
सरायकेला-खरसावाँ, 09 जुलाई, 2026 : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत सरायकेला प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत आने वाले 57-खरसावाँ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में संचालित गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की समीक्षा हेतु निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री जयवर्धन कुमार ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार, सरायकेला में संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO), BLO सुपरवाइजर, कंट्रोल रूम में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मियों, सुपरवाइजर, कंप्यूटर ऑपरेटर तथा अन्य संबंधित निर्वाचन कर्मियों के साथ बैठक की। बैठक में अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान डिजिटाइजेशन कार्य के लिए प्रतिनियुक्त कर्मियों को समुचित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, कंट्रोल रूम के माध्यम से कार्यों का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक गणना प्रपत्र का त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही अपलोड किए जाने वाले फोटो की गुणवत्ता, सही डाटा प्रविष्टि तथा गणना प्रपत्रों के सुरक्षित एवं बूथवार व्यवस्थित संधारण पर विशेष बल दिया गया। स्वयंसेवकों (Volunteer) एवं BLO के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर डिजिटाइजेशन कार्य में अपेक्षित गति लाने के भी निर्देश दिए गए।
समीक्षा के क्रम में जिन मतदान केंद्रों (Polling Station) में गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन 20 प्रतिशत से कम पाया गया, उन्हें चिन्हित करते हुए संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) को विशेष कार्ययोजना बनाकर डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान की अवधि में किसी भी प्रकार का अनावश्यक अवकाश अनुमन्य नहीं होगा। सक्षम पदाधिकारी की पूर्व स्वीकृति के बिना कोई भी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अथवा कर्मी अवकाश पर नहीं जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अभियान की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए पूर्ण जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने BLO सुपरवाइजरों की भूमिका को अभियान की सफलता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों के प्रति पूर्ण संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें। सभी BLO के साथ नियमित समन्वय स्थापित करते हुए गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की सतत निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान की सफलता सभी संबंधित पदाधिकारियों, कर्मियों, BLO सुपरवाइजर, BLO एवं अन्य निर्वाचन कार्मिकों की सक्रिय सहभागिता, आपसी समन्वय एवं टीम भावना पर निर्भर है। अतः सभी आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही से कार्य करते हुए अभियान के सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
