कुचाई में एनएफएसएम के तहत 50 किसानों में बंटा
हाईब्रिड धान बीज, धान की खेती से किसानों को बेहतर उपज
मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी-झिग्गी हेम्ब्रम,
kuchai
कुचाई प्रखंड मुख्यालय स्थित आत्मा भवन में गुरुवार को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (एनएफएसएम) के तहत किसानों के बीच हाईब्रिड धान बीज का वितरण किया गया। कुचाई प्रखंड क्षेत्र के 50 चयनित किसानों को उन्नत किस्म के हाईब्रिड धान बीज उपलब्ध कराए गए। ताकि कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ किसानों की आय में भी वृद्धि हो सके।

किसानों को हाईब्रिड धान बीज जिला परिषद सदस्य जींगी हेंब्रम, प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी लिबनुस हेंब्रम, बीटीएम राजेश कुमार एवं झामुमों प्रखंड सचिव मुन्ना सोय के द्वारा संयुक्त रूप से वितरण किया। मौके पर श्रीमति हेंब्रम ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, प्रमाणित बीज और वैज्ञानिक खेती की जानकारी उपलब्ध कराकर कृषि उत्पादन को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि हाईब्रिड धान की खेती से किसानों को बेहतर उपज मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। प्रमुख श्रीमति देवी ने कहा कि किसान खेती वैज्ञानिक विधि से करें ताकि फसल दोगुना हो सके। खेती कर किसान आत्मनिर्भर हो सकते हैं। प्रखंड कृषि पदाधिकारी लिबनुस हेंब्रम ने किसानों को धान की वैज्ञानिक खेती, समय पर बुवाई, संतुलित उर्वरक उपयोग, जल प्रबंधन तथा कीट एवं रोग नियंत्रण के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खाद्यान्न उत्पादन में वृद्धि के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ किसानों तक पहुंचाया जा रहा है। बीटीएम राजेश कुमार ने कहा कि उन्नत एवं प्रमाणित बीजों के उपयोग से उत्पादन लागत कम होती है और फसल की गुणवत्ता तथा उत्पादकता में वृद्धि होती है। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग के संपर्क में रहकर आधुनिक तकनीकों को अपनाने और विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील की। इस दौरान मुख्य रूप से जिप जींगी हेंब्रम, प्रमुख गुड्डी देवी, बीएओ लिबनुस हेंब्रम, बीटीएम राजेश कुमार, सचिव मुन्ना, धर्मेन्द्र सांडिल सहित किसान उपस्थित थे।
