ऐतिहासिक श्रीजगन्नाथ रथ महोत्सव की तैयारियां तेज, पहली बार चलेगी बाइक एंबुलेंस
Seraikella
सरायकेला: ऐतिहासिक श्रीजगन्नाथ रथ महोत्सव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सरायकेला, आदित्यपुर, गम्हरिया एवं आरआईटी क्षेत्र की रथयात्रा समितियों के प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के साथ आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
नगर पंचायत अध्यक्ष सह मेला समिति अध्यक्ष मनोज चौधरी ने तारिणी व्रत और रथ भांगनी के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की।
वहीं, श्रीजगन्नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष लिपू उर्फ राजेंद्र महंती ने प्रशासन को रथ संचालन का कार्यक्रम सौंपते हुए बताया कि रथ का रात्रि विश्राम पाठागार चौक में तथा बहुदा यात्रा के दौरान कालूराम चौक में होगा। उन्होंने दोनों स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।
बैठक की सबसे अहम घोषणा यह रही कि इस वर्ष पहली बार रथ महोत्सव में बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी। अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने बताया कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या किसी अप्रिय घटना की स्थिति में बाइक एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंचकर प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर मरीज को शीघ्र अस्पताल पहुंचाएगी।
विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य ने रथयात्रा को सरकारी संरक्षण देने की मांग उठाई। वहीं प्रशासन ने मेले में लगने वाले झूलों के संचालन से पूर्व अनिवार्य एनओसी लेने, समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा 24 और 25 जुलाई को संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नो-एंट्री व्यवस्था लागू करने की तैयारी करने का निर्देश दिया।
बैठक में एसडीपीओ अनुभव द्विवेदी, थाना प्रभारी विनय कुमार सहित विभिन्न रथयात्रा समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी समितियों से आपसी समन्वय के साथ सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण रथ महोत्सव के आयोजन में सहयोग करने की अपील की।
