सरायकेला मे जिला फुटबॉल लीग: भेलाईडीह सिनी और ट्रिपल ए हरिहरपुर की शानदार जीत
Seraikella
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग के तहत रविवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेले गए दोनों मुकाबलों में भेलाईडीह सिनी और ट्रिपल ए हरिहरपुर ने प्रभावशाली जीत दर्ज की।
पहले मैच में भेलाईडीह सिनी ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए एफसी राजनगर को 5-0 से पराजित किया। मैच के पहले हाफ में ही दशमथ हासदा, राजू मांझी, विभूति भूषण और आकाश मोदी के गोलों की बदौलत टीम ने 4-0 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में राजू मांझी ने अपना दूसरा तथा टीम के लिए पांचवां गोल दागकर जीत पर मुहर लगा दी।

दूसरे मुकाबले में ट्रिपल ए हरिहरपुर ने टेंगाडीह नीमडीह को 3-0 से हराया। पहले हाफ में सुशील टुडू और लखी राम मुर्मू ने गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में लखी राम मुर्मू ने अपना दूसरा गोल दागते हुए टीम की बढ़त 3-0 कर दी, जो अंत तक कायम रही।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार तथा संगीत नाटक अकादमी के गुरु तपन कुमार पटनायक ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन समारोह में लोक कला मंच के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि जिला फुटबॉल संघ ने जिले में फुटबॉल के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराया है। जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार ने भी खेलों के विकास में जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर अशोका इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक सत्यनारायण प्रधान, डीएसए सचिव मोहम्मद दिलदार, पिनाकी रंजन, बलराम महतो, संजय सुंडी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
पहले मैच में संतोष महतो, जगदीश टुडू, दशरथ हासदा एवं शंकर सरदार ने रेफरी की जिम्मेदारी निभाई, जबकि दूसरे मैच में बिरेन पॉल, समीर महतो, रतन मुर्मू एवं सुखदेव गौड़ ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
सोमवार को खरसावां के अर्जुना स्टेडियम में दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मैच में क्रिशू-11 जोजोड़ीह का सामना तूड़ीयान एफसी से होगा, जबकि दूसरे मैच में एसएफए मातकमडीह की भिड़ंत रीडिंग एफसी से होगी।
