जिला स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ
Seraikella
सरायकेला। बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में गुरुवार को जिला स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, विधायक प्रतिनिधि सनद आचार्य एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अनुशासन एवं समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है और ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम का संचालन जिला खेल संघ (डीएसए) के सचिव मोहम्मद दिलदार ने किया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उद्घाटन समारोह के बाद प्रतियोगिता के मैच प्रारंभ हुए, जिसमें खिलाड़ियों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
इस दौरान खेल प्रेमियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखा गया।
