सरायकेला मे ओलंपिक दिवस पर क्रॉस कंट्री रेस, फुटबॉल प्रतियोगिता एवं खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित
Seraikella
सरायकेला। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर सोमवार को सरायकेला में खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्रॉस कंट्री रेस, फुटबॉल प्रतियोगिता एवं खिलाड़ियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सुबह सरायकेला गेस्ट हाउस से बिरसा मुंडा स्टेडियम तक क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन नगर परिषद सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, विधायक प्रतिनिधि सनत कुमार आचार्य एवं जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान खिलाड़ियों को ओलंपिक में भारत के बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।

क्रॉस कंट्री रेस गेस्ट हाउस से प्रारंभ होकर सर्किट हाउस रोड, गैरेज चौक होते हुए बिरसा मुंडा स्टेडियम पहुंची। प्रतियोगिता में मिलन सोय ने प्रथम, अनमोल हेम्ब्रम ने द्वितीय तथा मुकेश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके उपरांत बिरसा मुंडा स्टेडियम में महिला एवं पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिला वर्ग में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, खरसावां की टीम ने राव एकादश दुगनी को पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं पुरुष वर्ग में एमएलसी भेलाईडीह, सरायकेला की टीम ने आरएफटीसी खरसावां को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में चार पुरुष एवं तीन महिला टीमों ने हिस्सा लिया।
विजेता टीमों एवं खिलाड़ियों को नगर परिषद अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, विधायक प्रतिनिधि सनत कुमार आचार्य तथा जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार ने पुरस्कृत किया। इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष मोहम्मद दिलदार, सचिव सिकंदर महतो, जिला हॉकी संघ के सचिव अमित मोदक, जिला नेटबॉल संघ के सचिव विष्णु उरांव, मॉडर्न पेंथलॉन संघ के सचिव करमू मंडल, फुटबॉल संघ के पिनाकी रंजन, बलराम महतो, संजय सुंडी, लाखन सरदार, तीरंदाजी संघ के बी.एस. राव, हिमांशु मोहंती समेत विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिले की नौ खेल प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर जिला समाहरणालय में आयोजित समारोह में उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के नौ खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
तीरंदाजी में राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप, विजयवाड़ा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर शिव शंकर पड़िहारी, उत्तम महतो एवं प्रियंका कालिंदी को सम्मानित किया गया। वहीं अंडर-14 राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप में झारखंड टीम को राष्ट्रीय चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आकाश मुर्मू, शुभांशु गोप एवं हरि सोरेन को भी सम्मान प्रदान किया गया।
इसके अलावा 36वीं ईस्ट जोन एथलेटिक्स प्रतियोगिता की रिले रेस में स्वर्ण पदक जीतने वाली राधा कुमारी तथा 60वीं राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री रेस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मुकेश कुमार एवं पानो बास्के को ट्रैकसूट, स्मृति चिन्ह एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष मोहम्मद दिलदार, सचिव सिकंदर महतो सहित खेल विभाग एवं विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
