नीमडीह में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन चुलाई भट्टियां ध्वस्त
Nimdih
सरायकेला-खरसावां। जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त के निर्देश एवं उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में मंगलवार को नीमडीह थाना क्षेत्र के बेड़ेदा और केंदडीह गांव में विशेष छापामारी अभियान संचालित किया गया।

छापामारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने तीन अवैध चुलाई भट्टियों का पता लगाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। वहीं कार्रवाई के दौरान करीब 500 किलोग्राम जावा महुआ भी बरामद किया गया, जिसका उपयोग अवैध शराब निर्माण में किया जा रहा था।
उत्पाद विभाग ने बरामद अवैध सामग्री को झारखंड उत्पाद अधिनियम एवं अन्य प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत जब्त कर नष्ट कर दिया। विभाग द्वारा अवैध चुलाई अड्डों के संचालकों और इस धंधे में संलिप्त लोगों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन अथवा बिक्री में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में उत्पाद विभाग को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
