ट्रेन से गांजा तस्करी करने वाला युवक गिरफ्तार, एक किलो से अधिक गांजा बरामद
Seraikella
सरायकेला। सरायकेला पुलिस ने आमदा ओपी क्षेत्र में गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस को शुक्रवार रात सूचना मिली थी कि बजबजिया गांव से एक व्यक्ति ट्रेन के माध्यम से गांजा लेकर आने वाला है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने रेलवे लाइन के पास घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। इसी दौरान रात करीब 1:45 बजे एक व्यक्ति टेम्पो मोटरसाइकिल (संख्या जेएच-05यू-2402) से पहुंचा और पैसेंजर ट्रेन से उतरे एक व्यक्ति से सामान लेने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने तत्काल उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से प्लास्टिक के झोले में रखा 1.054 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी योगेश्वर प्रधान (34 वर्ष), पिता- दशमीकोरा प्रधान, निवासी बलडुडू कला, पोस्ट- गोपीनाथपुर, थाना- टोकलो, जिला- पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से गांजा के अलावा एक टेम्पो मोटरसाइकिल और एक ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
