सरायकेला राजकीय कन्या मध्य विद्यालय में घुसे असामाजिक तत्व, ग्रिल तोड़कर की तोड़फोड़
Seraikella
सरायकेला। नगर के बीचो-बीच स्थित राजकीय कन्या मध्य विद्यालय में शुक्रवार देर रात असामाजिक तत्वों द्वारा घुसकर तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में विद्यालय की बाहरी ग्रिल को क्षतिग्रस्त कर परिसर में प्रवेश किया गया तथा विद्यालय के भीतर रखे कई सामानों को नुकसान पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय प्रबंधन में हड़कंप मच गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने मामले की सूचना सरायकेला थाना को दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विद्यालय के आसपास स्थित बस स्टैंड चौक क्षेत्र में शाम ढलते ही मदिरापान करने वालों की संख्या बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि कुछ युवक नशे की हालत में विद्यालय परिसर में घुस गए होंगे और वहां तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया होगा।
नगर क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को और सतर्क होने की आवश्यकता है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
