गर्मी में ट्रैफिक जवानों को मिलेगी राहत, बैटरी संचालित कूलिंग जैकेट का वितरण
Seraikella
सरायकेला: भीषण गर्मी के बीच सड़क पर घंटों ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राहत देने के लिए सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने प्रथम चरण में छह ट्रैफिक जवानों के बीच बैटरी संचालित विशेष कूलिंग जैकेट का वितरण किया।
इस अवसर पर एसपी ने कहा कि ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तेज धूप और अत्यधिक तापमान में लंबे समय तक सड़क पर खड़े रहकर यातायात संचालन करना पड़ता है। ऐसे में यह आधुनिक कूलिंग जैकेट उन्हें गर्मी से राहत प्रदान करेगी और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने में भी सहायक होगी।
उन्होंने बताया कि जैकेट में लगी बैटरी एक बार पूर्ण रूप से चार्ज होने पर लगभग छह घंटे तक कार्य करती है, जिससे जवानों को लंबे समय तक ठंडक का अनुभव होगा। इससे ड्यूटी के दौरान होने वाली थकान और गर्मी से जुड़ी परेशानियों में भी कमी आएगी।
एसपी ने इसे पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई एक अभिनव पहल बताया। उन्होंने कहा कि फिलहाल छह जवानों को कूलिंग जैकेट उपलब्ध कराई गई हैं, जबकि आने वाले दिनों में जिले के सभी ट्रैफिक जवानों को इस सुविधा से जोड़ने की योजना है।
जिला पुलिस की इस पहल को ट्रैफिक जवानों के कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे भीषण गर्मी में ड्यूटी कर रहे कर्मियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
