81 बार रक्तदान और 79 बार प्लेटलेट्स दान करने
वाले खरसावां मॉडल महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनय कुमार
सिंह दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित,
Jamshedpur
जमशेदपुर लौहनगरी के प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में सरायकेला-खरसावां मॉडल महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनय कुमार सिंह को उनकी प्रेरणादायी रक्तदान यात्रा के लिए दो प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया। डॉ. सिंह ने अब तक रिकॉर्ड 81 बार रक्तदान तथा 79 बार प्लेटलेट्स दान कर मानव सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनके इसी असाधारण योगदान को देखते हुए संस्था ने उन्हें मानव जीवनदायी गौरव सेवा सम्मान तथा वीरों में वीर शतकवीर रक्त वीर सम्मान से नवाजा।

समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथियों ने डॉ. सिंह को अंगवस्त्र ओढ़ाकर तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक पौधा भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान उनके सामाजिक सरोकारों और मानवता के प्रति समर्पण की मुक्त कंठ से सराहना की गई। सम्मान प्राप्त करने के बाद भावुक हुए डॉ. विनय कुमार सिंह ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि पूरे अखिल विश्व गायत्री परिवार, कोल्हान विश्वविद्यालय तथा सरायकेला-खरसावां जिले के आम जनमानस का सम्मान है, जिन्होंने उन्हें सदैव मानव सेवा के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान और प्लेटलेट्स दान के माध्यम से किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने की अपील भी की।
