जनशताब्दी में मां ने डेढ़ महीने के बेटे को खिड़की से फेंका, मौत; दूसरे बच्चे की यात्रियों ने बचाई जान
Jharkhand
चक्रधरपुर रेल मंडल में मानवता को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ट्रेन संख्या 12021 हावड़ा–बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक महिला पर अपने डेढ़ माह के मासूम बच्चे को चलती ट्रेन से बाहर फेंकने का आरोप लगा है। यह घटना राजखरसावां और महालीमरूप स्टेशन के बीच हुई, जहां रेल ट्रैक के किनारे नवजात का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

गोद में बैठे बच्चे को अचानक से खिड़की से फेंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन में सफर कर रही महिला अचानक विचलित हो गई और उसने गोद में बैठे बच्चे को खिड़की से बाहर फेंक दिया। घटना के बाद डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने बताया कि महिला इसके बाद अपने करीब तीन वर्षीय दूसरे बच्चे को भी बाहर फेंकने की कोशिश करने लगी, लेकिन सतर्क यात्रियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर बच्चे की जान बचा ली।
यात्रियों ने महिला और उसके पति को पकड़ा
घटना के बाद यात्रियों ने महिला और उसके पति को पकड़ लिया और अगले स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के हवाले कर दिया। फिलहाल रेलवे सुरक्षा बल और सरकारी रेलवे पुलिस दोनों मामले की जांच में जुटी हैं।
4 साल पहले घर से भागे थे पति-पत्नी
महिला की पहचान पश्चिम सिंहभूम के मझगांव निवासी मुद्रावती गोप के रूप में हुई है, जबकि उसके पति ने अपना नाम शहाबुद्दीन बताया है, जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि करीब 4 साल पहले दोनों घर से भागकर साथ रहने लगे थे। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला ने इस खौफनाक घटना को अंजाम क्यों दिया।
