माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में उपायुक्त ने राजनगर प्रखंड अंतर्गत रूंगटा माइन्स प्राइवेट लिमिटेड के चालियामा स्टील प्लांट, संभावित दुर्घटना स्थलों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण….*
*सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं दुर्घटना नियंत्रण को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश…*
Rajnagar
माननीय झारखंड उच्च न्यायालय, रांची द्वारा पारित आदेश एवं राज्य सरकार के निर्देशों के आलोक में उपायुक्त सरायकेला-खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह द्वारा आज राजनगर प्रखंड अंतर्गत रूंगटा माइन्स प्राइवेट लिमिटेड के चालियामा स्टील प्लांट, संभावित दुर्घटना स्थलों, ब्लैक स्पॉट, भारी वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं औद्योगिक गतिविधियों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

इस क्रम में उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान राजनगर प्रखंड अंतर्गत रूंगटा माइन्स प्राइवेट लिमिटेड के चालियामा स्टील प्लांट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी वाहनों के संचालन, पार्किंग व्यवस्था, प्रतिदिन वाहनों के आगमन तथा विगत एक माह में हुई सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त विभिन्न ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों का स्थल निरीक्षण कर दुर्घटना नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त द्वारा बड़े वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग हेतु भूमि चिन्हितकरण के उद्देश्य से विभिन्न स्थलों का निरीक्षण भी किया गया। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चालियामा का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, आपातकालीन उपचार व्यवस्था एवं संसाधनों की स्थिति की समीक्षा की गई।
*सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं दुर्घटना नियंत्रण को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश…*

राजनगर प्रखंड अंतर्गत रूंगटा माइन्स प्राइवेट लिमिटेड के चालियामा स्टील प्लांट परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह द्वारा संस्थान क्षेत्र में भारी वाहनों के संचालन, पार्किंग व्यवस्था, प्रतिदिन वाहनों के आगमन, विगत एक माह में हुई सड़क दुर्घटनाओं तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में सार्वजनिक सड़कों पर भारी वाहनों की पार्किंग नहीं होनी चाहिए तथा इसके लिए संस्थान एवं संबंधित विभाग नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने संस्थान प्रबंधन को सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने, संस्थान एवं संबंधित सड़कों पर आपातकालीन सेवा हेतु एंबुलेंस एवं फायर वाहन को सदैव एक्टिव मोड में रखने तथा बड़े वाहनों हेतु निर्धारित गति सीमा प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही संभावित दुर्घटना क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट एवं बड़े आकार के चेतावनी एवं दिशा-सूचक साइन बोर्ड लगाने का निर्देश भी दिया गया।
उपायुक्त द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रूंगटा माइन्स प्राइवेट लिमिटेड को दो स्थानों पर यातायात चेक पोस्ट स्थापित करने का निर्देश दिया गया, ताकि भारी वाहनों की नियमित मॉनिटरिंग एवं यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय राजमार्ग-220 के कार्यपालक अभियंता को दुर्घटना नियंत्रण हेतु आवश्यक स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, ज़ेबरा क्रॉसिंग, चेतावनी संकेतक एवं आवश्यक साइन बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया। सड़क किनारे अतिक्रमण कर बनाए गए दुकानों को नियमानुसार हटाने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।
वहीं सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना नियंत्रण को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सतत निगरानी हेतु जिला स्तर पर एक टीम गठित कर नियमित औचक निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश जिला परिवहन पदाधिकारी को दिया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी एवं यातायात निरीक्षक को ड्रंक एंड ड्राइव जांच नियमित रूप से संचालित करने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चालियामा के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह द्वारा स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, स्टोर रूम, दवा उपलब्धता, उपचार कक्ष, स्वच्छता व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने, आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को सदैव सक्रिय रखने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखने, चिकित्सा उपकरणों को कार्यशील स्थिति में बनाए रखने, दुर्घटना एवं गंभीर मरीजों के त्वरित उपचार एवं रेफरल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आमजन को बेहतर एवं सुगम स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधा सुदृढ़ीकरण एवं भारी वाहनों की पार्किंग व्यवस्था से संबंधित सभी बिंदुओं पर समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री गिरिजा शंकर महतो, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र (GMDIC) श्री रविशंकर प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार, यातायात निरीक्षक श्री राजू, थाना प्रभारी श्री विपुल ओझा, औद्योगिक संस्थान के प्रतिनिधि समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
