खरसावां मॉडल स्कूल में तीन दिवसीय समर कैंप शुरू,
योग व रचनात्मक गतिविधियों से विद्यार्थियों को किया प्रोत्साहित,
बच्चों में जीवन कौशल का विकास होता है-बासुमती मिश्रा
kharsawan
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में खरसावां के बुरुडीह स्थित खरसावां मॉडल स्कूल में मंगलवार से तीन दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ हुआ। राज्य परियोजना निदेशक के निर्देश एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2026 के अनुरूप आयोजित इस समर कैंप में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखी जा रही है। 19 मई से 21 मई तक चलने वाले इस समर कैंप में प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 10 बजे तक शैक्षणिक, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

पहले दिन ष्खेल के साथ फिटनेसष् विषय पर विद्यार्थियों को योगाभ्यास, ध्यान, दौड़, रिले रेस, रस्सीकूद, पुशअप, सीटअप, स्किपिंग एवं प्लैंक जैसे शारीरिक व्यायाम कराए गए। योग एवं फिटनेस गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही सृजन के संग बचपन थीम के तहत बच्चों को मिट्टी, लकड़ी एवं कागज से खिलौने और झारखंडी संस्कृति से जुड़ी पारंपरिक वस्तुएं बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।

विद्यार्थियों ने स्थानीय कला एवं संस्कृति को समझते हुए आकर्षक मॉडल और कलाकृतियां तैयार कीं। इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और स्थानीय संस्कृति के प्रति जुड़ाव विकसित करना रहा। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका बासुमती मिश्रा ने कहा कि समर कैंप विद्यार्थियों के मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक विकास का प्रभावी माध्यम है। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और जीवन कौशल का विकास होता है। कार्यक्रम के सफल संचालन में योग शिक्षक जीडी महंत, खेल प्रभारी सतीश सेन प्रधान, विकास चंद्र महतो, प्रभात कुमार महतो, गणित शिक्षक भवानी शंकर ज्योतिषी, चंदन कुमार महतो, पुष्पा रानी महतो, सुनीता देवी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
