*अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल की अध्यक्षता में खाद की कालाबाजारी एवं डुप्लीकेट उर्वरकों की बिक्री रोकथाम को लेकर अनुमंडल स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न…*
*ई-पॉस स्टॉक मिलान, एक्सपायरी खाद बिक्री पर रोक, नियमित निरीक्षण एवं खाद दुकानों की मॉनिटरिंग को लेकर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश…*
Seraikella
उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल श्री विकास कुमार राय की अध्यक्षता में चांडिल अनुमंडल अंतर्गत सभी खाद दुकानदारों एवं चारों प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारियों के साथ अनुमंडल स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में खाद की कालाबाजारी, डुप्लीकेट उर्वरकों की बिक्री तथा अनियमितताओं की रोकथाम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी खाद दुकानदारों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि ई-पॉस मशीन में प्रदर्शित स्टॉक एवं भौतिक स्टॉक में पूर्ण समानता होनी चाहिए। किसी भी परिस्थिति में एक्सपायरी उर्वरक अथवा डुप्लीकेट फर्टिलाइजर का भंडारण एवं बिक्री नहीं की जाएगी।

अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि सभी खाद दुकानदार निर्धारित दर सूची एवं उपलब्ध स्टॉक की जानकारी दुकान में अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें तथा किसानों को उर्वरक बिक्री की रसीद उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बिना वैध अभिलेख एवं लाइसेंस के किसी भी प्रकार का उर्वरक विक्रय पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
साथ ही सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत संचालित खाद दुकानों की नियमित मॉनिटरिंग, औचक निरीक्षण एवं स्टॉक सत्यापन करने का निर्देश दिया गया। बैठक में यह भी कहा गया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण, कृत्रिम कमी उत्पन्न करने अथवा डुप्लीकेट उर्वरकों की बिक्री संबंधी शिकायत अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध लाइसेंस निलंबन/रद्द करने सहित विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
