सरायकेला में अस्मिता सिटी लीग में कबड्डी व एथलेटिक्स का रोमांच, गम्हरिया का दबदबा, अंडर-14 और अंडर-17 बालिका वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में गम्हरिया चौंपियन,
Seraikella
सरायकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार के सौजन्य से आयोजित अस्मिता सिटी लीग कार्यक्रम के तहत कबड्डी एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जहां गम्हरिया प्रखंड का दबदबा देखने को मिला। कबड्डी प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग में गम्हरिया गर्ल्स टीम ने केपीएस गम्हरिया को 17-14 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में केपीएस गम्हरिया ने केजीबीवी नीमडीह को पराजित कर चौंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अंडर-14 के 100 मीटर दौड़ में हेमा कुमारी प्रथम, सुरभि कुमारी द्वितीय और पूनम कालिंदी तृतीय रहीं। वहीं अंडर-17 वर्ग में प्रेमलता सिंह सरदार ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि अंबिका सिंह सरदार तृतीय रहीं।
200 मीटर दौड़ के अंडर-14 वर्ग में सुरभि कुमारी प्रथम, अंजलि माझी द्वितीय और लादुगु सोय तृतीय स्थान पर रहीं। अंडर-17 वर्ग में सपना महतो प्रथम, संतोषी नायक द्वितीय और वर्षा प्रमाणिक तृतीय रहीं।

400 मीटर दौड़ के अंडर-14 वर्ग में लादुगु सोय ने पहला, शीतल टुडू ने दूसरा और मनीषा नायक ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग में सोनिया मुंडा प्रथम, भारती उरांव द्वितीय और अनीता महतो तृतीय रहीं।
रिले रेस अंडर-14 में केपीएस गम्हरिया ने प्रथम, नीमडीह ने द्वितीय और खरसावां की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में खरसावां प्रथम, केजीबीपी खरसावां द्वितीय और नीमडीह की टीम तृतीय रही। प्रतियोगिता के समापन पर जिला ओलंपिक संघ के सचिव सिकंदर महतो, जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद दिलदार, राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रशिक्षक आशा दास एवं राष्ट्रीय स्तर की एथलीट राधा कुमारी ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर करमु मंडल, बलराम कुमार तांती, कमल नायक, विष्णु उरांव, प्रेमाशीष महतो, रेंजर सरदार, बलराम महतो, संजय सुंडी सहित विभिन्न खेल संघों के सदस्य एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
