खूंटी सांसद ने कुचाई में विकास योजनाओं की निरीक्षण कर किया समीक्षा, जलापूर्ति योजना पर देरी पर जताई नाराजगी, योजनाओं में अनियमितताओं पर तत्काल जांच के दिए निर्देश,
Kuchai
खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा ने अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान सरायकेला-खरसावां जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की। इस क्रम में उन्होंने कुचाई प्रखंड में विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया। जहां कुचाई प्रखंड विकास पदाधिकारी साधुचरण देवगम एवं कुचाई अंचल अधिकारी सुषमा सोरेन भी मौजूद रहे। दौरे के दौरान सांसद ने सरायकेला परिसदन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता, ग्रामीण कार्य विभाग, बिजली, शिक्षा एवं गव्य विकास विभाग की कार्यशैली पर उन्होंने असंतोष जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई। समीक्षा के दौरान सांसद ने खरसावां जलापूर्ति योजना में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। साथ ही गोंडामारा (खरसावां) एवं मरांगहातु (कुचाई) सहित कई जलापूर्ति योजनाओं का लाभ आम लोगों तक सही तरीके से नहीं पहुंचने पर चिंता जताई। जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं में अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर उन्होंने तत्काल जांच के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के क्रियान्वयन में देरी पर भी उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। बिजली विभाग को पूर्ण वोल्टेज के साथ नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया गया। सांसद श्री मुंडा ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचे और समाज के हर वर्ग को समान रूप से विकास का लाभ मिले। उन्होंने लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने तथा कार्यों में जवाबदेही के साथ तेजी लाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष तरुण डे, सांसद प्रतिनिधि छोटराय किस्कू, पूर्व युवा जिला अध्यक्ष प्रेमेन्द्र मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि सूरज महतो, रेंगो पूर्ति, मानसिंह मुंडा, सकरी दोंगो, फागु मुंडा, मुकेश मुदुईया, सचिन हेम्ब्रम, प्रकाश महतो, शंकर लोवादा, कन्हैया लाल समाड़, सौरव तांती, जगबंधु महतो, रामचंद्र लोहार, रतन मुखी, बुधनलाल कुम्हार, अशोक मुंडरी, करण हेम्ब्रम, गोपी बोदरा, जय प्रकाश महतो, मंगल सिंह हांसदा एवं गोबर्धन गागराई सहित कई जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
