कुचाई के अरूवां पंचायत को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए किया सम्मानित
Kuchai
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर राजधानी रांची स्थित टाना भगत स्टेडियम, खेलगांव में आयोजित ‘मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार सह मुखिया सम्मेलन 2026’ (दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडलीय समारोह) में जिले को गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई। कार्यक्रम के दौरान हेमंत सोरेन के करकमलों से सरायकेला-खरसावाँ जिले के कुचाई प्रखंड अंतर्गत अरूवां पंचायत को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। पंचायत को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता अभियान और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस सम्मान को अरूवां पंचायत की मुखिया सरस्वती मिंज एवं पंचायत सचिव रूपा कुमारी ने प्राप्त किया। समारोह में ग्रामीण विकास विभाग एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह तथा कृर्षि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की भी विशेष उपस्थिति रही। इस उपलब्धि से पूरे सरायकेला-खरसावाँ जिले में खुशी की लहर है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इसे पंचायत स्तर पर बेहतर कार्यप्रणाली, जागरूकता और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
