कुचाई के बिरहोर गांव जोड़ासारजम में “सुजल स्वच्छ संवाद” कार्यक्रम संर्पन्न, प्रत्येक ग्रामीणो को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना प्राथमिकता- उपायुक्त
Kuchai
कुचाई प्रखंड के अरुवां पंचायत के बिरहोर जोड़ासारजम गांव में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के अंतर्गत “सुजल स्वच्छ संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों के साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन एवं लाभ की जानकारी साझा करना था। कार्यक्रम के दौरान नल-जल आपूर्ति, जल गुणवत्ता, संचालन एवं रख-रखाव, सामुदायिक सहभागिता तथा जल संरक्षण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए गए। इस अवसर पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े एवं आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। साथ ही जल स्रोतों के संरक्षण, योजनाओं के सतत संचालन एवं रख-रखाव में सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ करने तथा गुणवत्ता मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में उप प्रमुख सुखदेव सरदार, कुचाई प्रखंड विकास पदाधिकारी साधुचरण देवगम, मुखिया सरस्वती मिंज, कार्यपालक अभियंता सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, स्थानीय जल सहिया, आंगनवाड़ी सेविका, स्वयं सहायता समूह की सदस्याएं, विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय ग्रामीणों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
