सरायकेला में बिजली–पेयजल संकट पर सख्त रुख, नगर पंचायत अध्यक्ष ने JBVNL को भेजा पत्र
Seraikella
सरायकेला। क्षेत्र में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था और गहराते पेयजल संकट को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने Jharkhand Bijli Vitran Nigam Limited (JBVNL), जमशेदपुर के महाप्रबंधक को विस्तृत शिकायत पत्र भेजते हुए तत्काल हस्तक्षेप और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

अध्यक्ष ने कहा कि बिना पूर्व सूचना दिन में कई बार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लगातार बिजली बाधित रहने से जलापूर्ति व्यवस्था भी ठप हो गई है और बीते लगभग एक सप्ताह से सरायकेला की जनता भीषण पेयजल संकट झेल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पीएसएस ऑपरेटर और लाइनमैन की मनमानी चरम पर है। बिना तय योजना के कभी भी शटडाउन लेकर पूरे शहर की बिजली काट दी जाती है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। मरम्मत कार्यों में लापरवाही और समस्याओं के समाधान में देरी से स्थिति और गंभीर हो गई है।
तकनीकी खामियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वर्षों से लाइन ट्रिपिंग, तार टूटने और लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। मुख्य विद्युत लाइन नदी, खेत और जंगल से होकर गुजरती है, जिससे फॉल्ट के समय मरम्मत कार्य कठिन हो जाता है। ट्रांसफार्मरों में तेल की कमी, ओवरलोडिंग और मेंटेनेंस के अभाव ने व्यवस्था को कमजोर कर दिया है।
अध्यक्ष ने यह भी बताया कि पूरे सरायकेला टाउन की बिजली आपूर्ति एक ही फीडर पर निर्भर है, जिसके कारण छोटी खराबी में ही करीब 5000 परिवारों की बिजली बाधित हो जाती है। अलग फीडर, एबी स्विच और पीएसएस स्टेशन में ब्रेकर लगाने की मांग लंबे समय से लंबित है।
उन्होंने विभागीय निगरानी की कमी और कुछ कर्मियों की मिलीभगत का भी आरोप लगाया, जिससे व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अध्यक्ष ने कहा कि संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद जमीनी स्तर पर लापरवाही के कारण सरकार की छवि धूमिल हो रही है।
कटौती का तय समय घोषित
बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए अधिकारियों के साथ हुई बैठक में लाइन कटौती के लिए समय निर्धारित किया गया है:
सुबह 8:00 से 9:00 बजे
दोपहर 1:00 से 2:00 बजे
शाम 4:00 से 5:00 बजे
रात 8:00 से 9:00 बजे
अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनआक्रोश बढ़ सकता है, जिसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी। उन्होंने नागरिकों से निर्धारित समय के अनुसार सहयोग करने और समस्याओं की जानकारी साझा करने की अपील की है।
