विधायक जगत माझी ने किया ‘जनता मिलन’, गुदड़ी के विकास का दिया ठोस आश्वासन
Sonuwa
सोनुवा: स्थानीय विधायक जगत माझी ने गुरुवार को सोनुवा प्रखंड कार्यालय स्थित अपने कक्ष में साप्ताहिक ‘जनता मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे तौर पर सुनना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम के दौरान सोनुवा प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायतें और सुझाव लेकर पहुंचे। विधायक ने स्वयं सभी ग्रामीणों से बारी-बारी से मुलाकात की और उनकी हर समस्या को ध्यानपूर्वक सुना।

ग्रामीणों द्वारा उठाई गई प्रमुख समस्याओं को उन्होंने तुरंत अपनी डायरी में दर्ज किया। विधायक जगत माझी ने आश्वासन दिया कि वे इन सभी मुद्दों को जल्द से जल्द हल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जनता मिलन में गुदड़ी प्रखंड के कई ग्रामीण भी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे थे। विधायक ने उन्हें भरोसा दिलाया कि “गुदड़ी का विकास उनकी प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर है।” उन्होंने गुदड़ी प्रखंड के विकास के लिए महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में जानकारी दी। बताया कि गुदड़ी के उच्च विद्यालयों में दूर-दराज के छात्रों के लिए छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। क्षेत्र के विकास के लिए बड़े पुल और पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। गुदड़ी में मोबाइल कनेक्टिविटी की लंबे समय से चली आ रही समस्या को देखते हुए, विधायक ने घोषणा की कि इस वर्ष के अंत तक गुदड़ी में मोबाइल नेटवर्क का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र के आम लोगों के साथ-साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
