चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव 2026 का भव्य समापन सम्पन्न
Seraikella
सरायकेला। ऐतिहासिक चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव 2026 का भव्य एवं सफल समापन हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष एवं राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र के कार्यकारी सदस्य मनोज कुमार चौधरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि छऊ और सरायकेला का संबंध अत्यंत गहरा और गौरवशाली है। छऊ केवल एक नृत्य नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, पहचान और विरासत का जीवंत प्रतीक है। वर्तमान समय में यह एक सशक्त आर्थिक माध्यम के रूप में भी उभर रहा है, जिससे अनेक कलाकारों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कलाकारों के हित में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें अधिक से अधिक लाभ मिल सके। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा ने सरायकेला को एकजुट बनाए रखा है, और इसे सहेजना व आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस गौरवशाली विरासत से जुड़ी रहें।
श्री चौधरी ने राज परिवार एवं सरायकेला के मूर्धन्य कलाकारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन्हीं के योगदान से छऊ को वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पूर्व में कलाकारों को अपेक्षित सम्मान एवं सुविधाएं नहीं मिल पाती थीं, किंतु अब स्थिति में सकारात्मक परिवर्तन आया है। कलाकारों को सम्मान के साथ-साथ आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि जर्जर हो चुका राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र अब पुनः जीवंत हो गया है। वर्ष 1961 की पुरानी समिति को नए स्वरूप में पुनर्गठित किया गया है। कलाकारों के लिए पेंशन योजना पर कार्य प्रगति पर है, साथ ही आईसीसीआर के साथ पांच वर्षों का समझौता एवं बहुउद्देशीय कला भवन की योजना भी आगे बढ़ रही है।
पिछले दो वर्षों से कलाकारों ने बिना किसी मानदेय के समर्पण भाव से कला केंद्र को संचालित किया है, जो अत्यंत सराहनीय है। अब नियुक्ति प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है। साथ ही, पिछले 30 वर्षों से देश की विभिन्न संस्कृतियों के आदान-प्रदान की परंपरा इस वर्ष भी सफलतापूर्वक जारी रही।
चैत्र पर्व 2026 के दौरान छऊ प्रस्तुतियों ने पूरे सरायकेला को उत्साह से भर दिया। सभी वर्गों के लोगों ने शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी निभाई। जिला प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि इस वर्ष पद्मश्री एवं अन्य सम्मानित कलाकारों को सम्मानित किया गया, जो सराहनीय पहल है।
इसी क्रम में, कालूराम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज चौधरी ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सफल आयोजन में योगदान देने वाले जिला प्रशासन के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अपर उपायुक्त, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा सरायकेला छऊ आर्टिस्ट संगठन के अध्यक्ष एवं सचिव को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि विकास के लिए सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयास आवश्यक है। अब सरायकेला की जनता अपने हक और अधिकार के प्रति जागरूक होकर एकजुट हो रही है, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है।
श्री चौधरी ने खरसावां के विधायक Dashrath Gagrai का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने विधानसभा में कला एवं कलाकारों के मुद्दे को मजबूती से उठाया है, जिसके परिणाम शीघ्र ही देखने को मिलेंगे।
अंत में उन्होंने जिला प्रशासन, राज्य सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री Hemant Soren, मंत्री Sudivya Kumar Sonu, मंत्री Deepak Birua, सांसद Joba Majhi, विधायक Sabita Mahato एवं सरायकेला की समस्त जनता के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह पर्व सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह परंपरा आगे भी निरंतर प्रगति करती रहेगी और सरायकेला नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
