*कोल्हान विश्वविद्यालय में 16 प्रोफेसर व प्राचार्यों का तबादला, छात्र मोर्चा ने किया स्वागत*
Seraikella
कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कुलपति के नेतृत्व में हाल ही में 16 प्रोफेसरों एवं प्राचार्यों के ट्रांसफर व पोस्टिंग आदेश जारी किए जाने पर झारखंड छात्र मोर्चा ने स्वागत जताया है। संगठन के कोल्हान सचिव पप्पू यादव ने इसे ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय बताया है।उन्होंने कहा कि पिछले करीब पांच वर्षों से स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी तरह ठप थी, जिसके कारण कई महाविद्यालयों में प्राचार्यों की मनमानी, प्रशासनिक शिथिलता और जवाबदेही की कमी बढ़ गई थी। इसका सीधा असर छात्रों की पढ़ाई, सत्र संचालन और शैक्षणिक माहौल पर पड़ा, जिससे विश्वविद्यालय की व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।पप्पू यादव ने कहा कि कुलपति द्वारा लिया गया यह निर्णय व्यवस्था में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे यह स्पष्ट संकेत गया है कि अब विश्वविद्यालय में मनमानी, भ्रष्टाचार और लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने आगे कहा कि यह ट्रांसफर-पोस्टिंग प्रक्रिया पारदर्शिता, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगी। साथ ही, यह उन लोगों के लिए चेतावनी है, जो लंबे समय से शिक्षा व्यवस्था को अपने स्वार्थ के लिए प्रभावित कर रहे थे।झारखंड छात्र मोर्चा ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में भी नियमित समीक्षा करते हुए छात्रहित में ऐसे निर्णय लिए जाएं, ताकि कोल्हान विश्वविद्यालय को एक आदर्श शैक्षणिक संस्थान बनाया जा सके।
