सरायकेला में चैत्र पर्व: चड़क पूजा को लेकर तैयारियां पूरी, आज रात निकलेगा जात्रा घट
Seraikella
सरायकेला। चैत्र पर्व के पावन अवसर पर आयोजित चड़क पूजा अनुष्ठान को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार की रात होने वाले जात्रा घट अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, पाटभक्ता एवं घटवाहकों के नेतृत्व में गुदड़ी बाजार स्थित प्राचीन शिवालय प्रांगण से जात्रा यात्रा प्रारंभ होगी। यह यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए खरकाई नदी तट स्थित माजना घाट पहुंचेगी, जहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न की जाएगी।
पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं द्वारा जात्रा घट उठाया जाएगा और पुनः पैदल यात्रा करते हुए शिवालय प्रांगण में स्थापित किया जाएगा। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, जिससे पूरा सरायकेला क्षेत्र भक्ति और आस्था में डूबा रहेगा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, चैत्र पर्व में शुभ घट के आगमन के साथ चार युगों के प्रतीक स्वरूप घटों की परंपरा निभाई जाती है। शुक्रवार की रात आयोजित यह अनुष्ठान द्वापर युग के प्रतीक के रूप में संपन्न होगा।
आयोजन समिति ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। साथ ही, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अनुशासन और श्रद्धा के साथ आयोजन में भाग लें, ताकि यह पारंपरिक पर्व भव्य और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
