**खरसावां में वीर शहीद रघुनाथ महतो को श्रद्धांजलि, कुड़मी समाज ने आयोजित किया कार्यक्रम**
Kharsawan
खरसावां (झारखंड)। वीर शहीद रघुनाथ महतो के शहादत दिवस के अवसर पर कुड़मी समाज खरसावां द्वारा शहीद निर्मल महतो स्मारक भवन में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में समाज के लोगों के साथ-साथ कुड़माली भाषा का अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी उपस्थित लोगों ने वीर शहीद रघुनाथ महतो को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रघुनाथ महतो का जीवन संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने और समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बबलू महतो, संजय महतो, विशाल महतो, महेश महतो, दयाल महतो, कुड़माली शिक्षक सुनील कुमार महतो, सुभाष महतो, दीपक महतो, पंकज महतो, बैद्यनाथ महतो तथा लोकनाथ महतो सहित कई लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन शहीद को नमन और समाज की एकता के संदेश के साथ हुआ।
