सरायकेला के पोडाडीहा में गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय निर्माण का विरोध, ग्रामीणों में आक्रोश
Seraikella
सरायकेला: अंचल क्षेत्र के पोडाडीहा मौजा में प्रस्तावित गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय निर्माण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को ग्राम प्रधान गांधी सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित आमसभा में ग्रामीणों ने एकजुट होकर सरकार की इस योजना का जोरदार विरोध किया।
बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि गांव के पास गोचर (चराई) भूमि की पहले से ही भारी कमी है। उन्होंने बताया कि पूर्व में सरकारी जमीन पर महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के नाम पर करीब एक एकड़ भूमि अधिग्रहित की जा चुकी है। अब शेष बचे लगभग तीन एकड़ जमीन को भी गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय निर्माण के लिए चिन्हित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह जमीन उनके पशुओं के लिए एकमात्र चराई स्थल है। यदि इसे भी अधिग्रहित कर लिया गया, तो पशुपालन पर संकट खड़ा हो जाएगा और गांव की आजीविका प्रभावित होगी।
आमसभा में ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि इस योजना के लिए वैकल्पिक भूमि चिन्हित कर निर्माण कार्य को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द समाधान निकालने की अपील की है।
