गम्हारिया से खरसावां तक 40 किमी रिले ‘रन फॉर
यूनिटी एंड हेल्थ’ का दिया संदेश, स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए
एकता और स्वास्थ्य का संगम अत्यंत आवश्यक है-सोनाराम,
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिले में खेल और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन, सरायकेला-खरसावां द्वारा “रन फॉर यूनिटी एंड हेल्थ” 40 किलोमीटर रिले रन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और दौड़ के माध्यम से समाज को एकजुटता व स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। यह दौड़ गम्हरिया स्थित धोडा बाबा मंदिर से सुबह 6 बजे शुरू होकर सीनी, उकरी, रेंगुडीह होते हुए खरसावां के चिलकू स्थित आकर्षणी मंदिर तक संपन्न हुआ।

पूरे मार्ग में प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने धावकों का स्वागत कर उनका हौसला बढ़ाया। खरसावां के आस्था और विश्वास के प्रतिक मॉ आकर्षिणी मंदिर परिसर में मां आकर्षिणी विकास समिति ट्रस्ट चिलकू खरसावां के द्वारा “रन फॉर यूनिटी एंड हेल्थ” रिले रन में भाग ले रहे 73 लोगों का स्वागत किया गया। साथ ही “रन फॉर यूनिटी एंड हेल्थ” रिले रन के तहत 40 किलोमीटर दौडकर खरसावां पहुच कर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले चाईबासा के नोवामुडी के 65 वषीय निवासी सुखराम लागुरी, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रशांत सिंकू तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सुभाष मुर्मू को सरायकेला खरसावां जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा के द्वारा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। साथ ही “रन यूनिटी एंड हेल्थ” रिले रन में शामिल सभी लोगों में नीबू पानी की व्यवस्था की गई। मौके पर श्री बोदरा ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए एकता और स्वास्थ्य का संगम अत्यंत आवश्यक है। आज के भागदौड़ भरे जीवन में लोगों को अपनी दिनचर्या में व्यायाम और खेल को शामिल करना चाहिए, ताकि शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहा जा सके। उन्होने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में भाईचारे और सामंजस्य को भी मजबूत करते हैं। रिले रन के सफल आयोजन से जिले में खेल और स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक माहौल बना है।

स्वस्थ युवा ही फिट समाज के निर्माण में दे सकते योगदान-प्रभाकर
माँ आकर्षिणी विकास समिति ट्रस्ट चिलकू खरसावां के सचिव प्रभाकर मंडल ने कहा कि समाज की यह जिम्मेदारी है कि वह स्वच्छता, रोग नियंत्रण और स्वास्थ्य सेवाओं तक सभी की पहुँच सुनिश्चित करे, जो केवल सामूहिकता (यूनिटी) से संभव है। उन्होने कहा कि स्वस्थ युवा ही फिट समाज के निर्माण में योगदान दे सकते हैं, जो सकारात्मक गतिविधियों और योग जैसे साधनों से संभव है। यदि हम व्यक्तिगत स्वास्थ्य और सामाजिक एकता को प्राथमिकता दें, तो एक सुरक्षित, समृद्ध और समावेशी राष्ट्र का निर्माण संभव है।
ये थै मौजूद
जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, माँ आकर्षिणी विकास समिति ट्रस्ट के सचिव प्रभाकर मंडल, मंगल सिंह काडेयबुरू, सोना गागराई, हेमंत मंडल, अभिनाष सोरेन, कंचल चौहान, सपन मंडल, चांद चौहान, कैशव प्रधान, लखन महतो, गोपाल लौहार, लक्ष्मण गागुली, सुखराम लागुरी, प्रशांत सिंकू, सुभाष मुर्मू, अचिंतो प्रमाणिक, लाल मोहन मंडल, संजीव महतो, चारू देवी, बेबी महतो, विजय कुमार नंद, विश्कंठ प्रधान आदि मौजूद थे।
