खरसावां के आदर्श मध्य विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक
की बैठक में बच्चों की प्रगति व लर्निंग गैप पर हुई चर्चा, सरकारी
स्कूलों के शैक्षिक वातावरण में सुधार हेतु संवाद जरूरी-मुखिया
kharsawan
खरसावां के आदर्श मध्य विद्यालय परिसर में अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। बैठक में बच्चों के शैक्षणिक विकास, उनकी प्रगति की समीक्षा तथा सीखने में आ रही कमियों (लर्निंग गैप) को दूर करने पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से पंचायत की मुखिया सुनीता तापे एवं विद्यालय के प्राचार्य अब्दुल मजीद खान एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। मौके पर मुखिया ने कहा कि सरकारी स्कूलों के शैक्षिक वातावरण में सुधार और अभिभावक-शिक्षकों के बीच बेहतर संवाद जरूरी है। इससे उदेश्य विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना होगा। इस दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन और विद्यालय में उनके प्रदर्शन की जानकारी दी। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई कि वे घर पर पढ़ाई का बेहतर माहौल तैयार करें और बच्चों की नियमित निगरानी रखें।

बैठक में तीन प्रमुख बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया। पहला, बच्चों के लर्निंग गैप को दूर करने के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना। दूसरा, पढ़ाई के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी बच्चों को प्रोत्साहित करना। तीसरा, बाल सुरक्षा और जागरूकता से जुड़े विषयों पर अभिभावकों को जानकारी देना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया और अपने सुझाव भी साझा किए। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह की बैठकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास में काफी मदद मिलती है। वहीं सत्र 2025-26 के तहत विभिन्न कक्षाओं के टॉपर्स की सूची भी जारी की गई। विद्यालय प्रबंधन ने मेधावी छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान कक्षा वार स्कूल टॉपरों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने तथा भविष्य में भी इस प्रकार की बैठकों का नियमित आयोजन करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान मुख्य रूप से मुखिया सुनीता तापे एवं विद्यालय के प्राचार्य अब्दुल मजीद खान, सीआरपी सरोज कुमार मिश्रा, शिक्षक मनोज सिंह, स्वेता दास, बंदना कुमारी, प्रधान सोय, माकेड आचार्य आदि अभिभावक उपस्थित थे।
