सरायकेला में भाजपा को मिली मजबूती, पवन कबि ने थामा कमल का दामन,
Seraikella
सरायकेला। जिले की राजनीति में शनिवार को एक अहम बदलाव देखने को मिला, जब पाठागार चौक के युवा समाजसेवी पवन कबि ने अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित सादे लेकिन गरिमामय कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान, वरिष्ठ नेता राजा सिंहदेव एवं नगर अध्यक्ष बीजू दत्त ने माल्यार्पण कर सभी नवागंतुकों का स्वागत किया।
करीब एक दशक तक सक्रिय राजनीति से दूर रहने के बावजूद पवन कबि सामाजिक कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहे हैं। उनके नेतृत्व में झारखंड मुक्ति मोर्चा से जुड़े कई कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ली। इस मौके पर पार्टी नेताओं ने कहा कि पवन कबि जैसे जमीनी कार्यकर्ता के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पवन कबि ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, उनकी कार्यशैली और राष्ट्रहित में लिए गए फैसलों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के मंच से वे क्षेत्र के विकास और जनसेवा को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकेंगे।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि संगठन के माध्यम से विकास के नाम पर हो रहे गलत कार्यों पर नजर रखी जाएगी और जनता के हितों की रक्षा की जाएगी। कार्यक्रम का संचालन सुमित चौधरी ने किया। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने नवदाखिल सदस्यों का उत्साहवर्धन किया।
