रामनवमी को लेकर सरायकेला में फ्लैग मार्च, पुलिस ने दिया शांति का संदेश
Seraikella
सरायकेला: आगामी रामनवमी पर्व को लेकर जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार की शाम सरायकेला नगर क्षेत्र में पुलिस द्वारा भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।
पुलिस अधीक्षक मुकेश नायक के निर्देश पर थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में यह फ्लैग मार्च शाम करीब 6:00 बजे सरायकेला थाना परिसर से प्रारंभ हुआ।
फ्लैग मार्च नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों से गुजरते हुए पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान सशस्त्र बल के जवान भी बड़ी संख्या में शामिल रहे, जिससे पूरे शहर में सुरक्षा का माहौल बना रहा।
मार्च के माध्यम से आम नागरिकों को शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया गया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि रामनवमी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
