खरसावां के चिलकु में नव निर्मित बजरंगबली मंदिर
की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकाली कलश यात्रा, जय श्री राम
और “जय हनुमान” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय
kharsawan
खरसावां प्रखंड के अंतर्गत चिलकु गांव में नव निर्मित बजरंगबली मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर को अत्यंत श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस दौरान 108 महिलाओं ने सिर पर पवित्र कलश धारण कर भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। कलश यात्रा चिलकु गांव में नव निर्मित बजरंगबली मंदिर से आरंभ होकर प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए चिलकू के तलाब तक पहुंची।

वहां पुजारी ने मंत्रोच्चार के साथ जल का अभिषेक कर कलशों को अभिमंत्रित किया। श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों और जयकारों के साथ आगे बढ़ रहे थे। पूरे मार्ग में जय श्री राम और “जय हनुमान” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके उपरांत महिलाएं अनुशासित कतारों में जल कलश लेकर पुनः बजरंगबली मंदिर पहुंचीं, जहां विधि-विधान से कलश स्थापन हुआ।

शोभायात्रा में सबसे आगे वैदिक पंडितों की टोली शंखनाद और वेद ध्वनि के साथ चल रही थी। उनके पीछे ध्वज-पताका लिए युवकों की टोली, समिति के सदस्य तथा श्रद्धालु शामिल थे। मध्य भाग में महिलाएं एवं पुरुष दो पंक्तियों में कलश लिए आगे बढ़ रहे थे, जबकि सबसे पीछे नवयुवकों की टोली बैंड-बाजे के साथ भक्ति भाव में झूमती नजर आई। इसके बाद विधि विधान से पूजा-अर्चना की गई। कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भगवान से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। ग्रामीणों का कहना है कि यह मंदिर गांव की आस्था और एकता का प्रतीक बनेगा। वहीं भंडारे का भी आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। नव निर्मित बजरंगबली मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में मुख्य रूप से प्रभाकर मंडल, शंभू नाथ मंडल, बावधान कालिंदी, दीपक नायक, कमलेश मुंडारी, मोहनलाल महतो, विमल गांगुली, विजय नायक, रासबिहारी मंडल, मोहनलाल रावत, शक्ति सेन महतो, बलभद्र नायक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
