कुचाई के सुदूरवती पहाडी क्षेत्र स्थित कसरौली में अब भी सड़क का अभाव, ग्रामीणों ने ग्राम सभा कर खुद संभाली जिम्मेदारी, मजबूरी में हुए खुद ही श्रमदान कर बना रहे हैं कच्ची सड़क, पहुंचे विधायक,
Kuchai
कुचाई प्रखंड के सुदूरवर्ती पहाड़ी क्षेत्र स्थित कसरौली में आज भी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव बना हुआ है। आजादी के दशकों बाद भी कोर्रा, कसरौली और डांगिल जैसे गांव पक्की सड़क से नहीं जुड़ पाए हैं, जिससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के जीवन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

खरसावां विधानसभा क्षेत्र के विधायक दशरथ गागराई ने कसरौली क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रोलाहातु पंचायत के दूरस्थ गांव कसरौली में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में हिस्सा लिया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक पहुंचने के लिए आज भी कोई पक्की सड़क नहीं है।

लोग पगडंडी के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचते हैं, जिससे खासकर बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को काफी परेशानी होती है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जब रास्ते कीचड़ और फिसलन भरे हो जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी मदद के अभाव में उन्होंने खुद ही जिम्मेदारी संभाल ली है। मजबूरी में वे श्रमदान कर कच्ची सड़क बना रहे हैं, ताकि किसी तरह गांव का संपर्क मुख्य मार्ग से हो सके। यह पहल उनकी जरूरत और संघर्ष दोनों को दर्शाती है। विधायक दशरथ गागराई ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि जल्द ही संबंधित विभाग से समन्वय कर सड़क निर्माण की दिशा में पहल की जाएगी। ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में क्षेत्र में सड़क सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के जल्द विकास की मांग की। इस दौरान मुख्य रूप से विधायक दशरथ गागराई, समाजसेवी बांसती गागराई, मुखिया राम सोय, धर्मेंद्र सिंह मुंडा, भारत सिंह मुंडा, मुन्ना सोय आदि ग्रामीण उपस्थित थे,
