रामनवमी को लेकर सरायकेला पुलिस अलर्ट, एसपी ने की तैयारियों की समीक्षा
Seraikella
सरायकेला, 25 मार्च 2026: आगामी रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को सरायकेला खरसावां जिला पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने सरायकेला थाना में पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक के दौरान एसपी ने रामनवमी के अवसर पर निकलने वाले जुलूस, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाई जाए, सीसीटीवी एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाए तथा भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने के निर्देश दिए गए।
जिला पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
