छठ एवं रामनवमी को लेकर सरायकेला-खरसावां पुलिस अलर्ट, एसपी ने की सुरक्षा समीक्षा बैठक
Seraikella
सरायकेला-खरसावां जिला: छठ एवं रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी कड़ी में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने आदित्यपुर, गम्हरिया एवं आरआईटी थाना क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ संबंधित थानों में बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

बैठक के दौरान एसपी ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया।

इसके अलावा एसपी ने क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों की तैनाती एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
