शहीद दिवस पर सरायकेला में श्रमदान, “मेरा भारत, मेरी ज़िम्मेदारी” अभियान के तहत चला स्वच्छता अभियान,
Seraikella
सरायकेला-खरसावां, 22 मार्च: शहीद दिवस के उपलक्ष्य में “मेरा भारत, मेरी ज़िम्मेदारी” अभियान के तहत मेरा युवा भारत, सरायकेला-खरसावां द्वारा रविवार को सामुदायिक भवन परिसर एवं सिदो-कान्हू पार्क में श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला युवा पदाधिकारी श्री क्षितिज के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान कार्यालय के पदाधिकारी, कर्मियों एवं युवा वॉलिंटियर्स ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।

श्रमदान के तहत स्वयंसेवकों ने पार्क एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। कचरा संग्रहण, झाड़ियों की सफाई और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की गई। इसके साथ ही लगभग 3-4 वर्ष पूर्व श्रमदान से निर्मित जल सोख्ता (सोख पिट) की सफाई, मरम्मत और पुनर्सक्रियकरण किया गया, जिससे जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके।

इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के अंत में जिला युवा पदाधिकारी श्री क्षितिज ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए ऐसे जनहितकारी अभियानों में सभी की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास के क्षेत्रों की नियमित साफ-सफाई और संरक्षण में सहयोग करने का आह्वान किया।
