खरसावां के आमदा ओपी में ईद, सरहुल व रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक, ईद, सरहुल और रामनवमी जैसे त्योहार क्षेत्र की सामाजिक एकता के प्रतीक है-रामरेखा पासवान
Kharsawan
खरसावां के आमदा ओपी परिसर में ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान ने की।

बैठक में क्षेत्र के ग्राम प्रधान, मुखिया, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। इस दौरान आगामी त्योहारों को लेकर प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई और सभी से आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई। ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान ने कहा कि ईद, सरहुल और रामनवमी जैसे त्योहार क्षेत्र की सामाजिक एकता के प्रतीक हैं, इसलिए सभी लोग मिलजुल कर शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं। उन्होंने अफवाहों से बचने और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। बैठक के दौरान उपस्थित लोगों को डायन प्रथा उन्मूलन, सड़क सुरक्षा नियमों, साइबर क्राइम से बचाव तथा गुड सेमेरिटन (दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले व्यक्तियों) से संबंधित कानून की भी जानकारी दी गई। मौके पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि सभी लोग मिलकर क्षेत्र में शांति और भाईचारा बनाए रखेंगे तथा त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करेंगे।
