*उपायुक्त द्वारा प्रखंड राजनगर का औचक निरीक्षण, विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश…*
Rajnagar
आज दिनांक 07 मार्च 2026 को उपायुक्त, सरायकेला–खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह द्वारा प्रखंड राजनगर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड कार्यालय में कार्यरत कर्मियों की उपस्थिति का अवलोकन करते हुए उपायुक्त ने सभी कर्मियों को बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया तथा कार्यालयीन कार्यों के निष्पादन में अनुशासन एवं समयबद्धता बनाए रखने को कहा।

तत्पश्चात उपायुक्त द्वारा राजनगर खाद्यान्न गोदाम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में गोदाम प्रबंधक को निर्देश दिया गया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत प्राप्त खाद्यान्न का निर्धारित समय पर संबंधित डीलरों को वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभुकों को राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही गोदाम में खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण एवं अभिलेखों के समुचित संधारण पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।

इसके उपरांत उपायुक्त द्वारा जामबनी लैम्प्स (LAMPs) का निरीक्षण किया गया, जहां गोदाम में पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध पाया गया। इस संबंध में संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि खाद्यान्न के भंडारण एवं वितरण से संबंधित प्रक्रियाओं का नियमानुसार अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया गया कि सभी मरीजों को नियमों के अनुरूप समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्वच्छता एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का समुचित अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा आमजनों को मिलने वाली सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
