रंगों से नहीं, दिल से होली खेलिए : हेमसागर प्रधान
अर्जुन पुस्तकालय मुरुप में विद्यार्थियों को हर्बल रंग भेंट कर दिया संदेश
Seraikella
सरायकेला प्रखंड अंतर्गत मुरुप गांव स्थित अर्जुन पुस्तकालय मुरुप में होली पर्व के अवसर पर एक सादगीपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुस्तकालय के अध्यक्ष हेमसागर प्रधान ने विद्यार्थियों के बीच अबीर एवं गुलाब के हर्बल रंग वितरित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हेमसागर प्रधान ने विद्यार्थियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों के जुड़ाव और आपसी भाईचारे का उत्सव है। उन्होंने कहा, “रंगों से नहीं, दिल से होली खेलिए। यही इस पर्व का असली संदेश है।”
उन्होंने विद्यार्थियों से केमिकल युक्त रंगों से दूर रहने और पर्यावरण व स्वास्थ्य के अनुकूल हर्बल रंगों के प्रयोग की अपील की। प्रधान ने कहा कि जब भी आप गुलाल उड़ाएं, यह याद रखें कि हर रंग एक नई उम्मीद और नई शुरुआत का प्रतीक है।
उन्होंने कामना की कि होली का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और प्रेम का संचार करे तथा बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश हर घर तक पहुंचे।
मौके पर विकास प्रमाणिक, शिबू प्रमाणिक, मृत्युंजय प्रमाणिक, धनंजय प्रमाणिक समेत कई विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन आपसी शुभकामनाओं और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ।
