गृह रक्षक बहाली को लेकर शारीरिक व लिखित परीक्षा की तिथि जारी, 17 मार्च से होगी शुरुआत
Seraikella
सरायकेला-खरसावां: उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, सरायकेला-खरसावां (सामान्य शाखा) द्वारा निर्गत आम सूचना के आलोक में झारखंड गृह रक्षा वाहिनी अंतर्गत विज्ञापन सं०–01/2025 के तहत ग्रामीण एवं शहरी गृह रक्षकों के नव नामांकन के लिए शारीरिक जांच परीक्षा एवं लिखित परीक्षा की तिथियां घोषित कर दी गई हैं।
सभी योग्य अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने प्रखंड के लिए निर्धारित तिथि को प्रातः 5:00 बजे बिरसा मुंडा स्टेडियम में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। अभ्यर्थियों को आवेदन की पावती रसीद (Acknowledgement Slip) तथा आधार कार्ड/मतदाता पहचान पत्र/पैन कार्ड/ड्राइविंग लाइसेंस/पासपोर्ट में से किसी एक की मूल प्रति साथ लाना अनिवार्य होगा।
प्रखंडवार परीक्षा तिथि इस प्रकार है:
कुकड़ू: 17 मार्च 2026 (कुल 892 अभ्यर्थी)
कुचाई: 18 मार्च 2026 (1192 अभ्यर्थी)
गम्हरिया: 19 मार्च 2026 (1096 अभ्यर्थी)
ईचागढ़: 20 व 23 मार्च 2026 (1538 अभ्यर्थी)
चांडिल: 24 मार्च 2026 (1158 अभ्यर्थी)
राजनगर: 25 व 27 मार्च 2026 (1782 अभ्यर्थी)
सरायकेला: 28 मार्च 2026 (1306 अभ्यर्थी)
खरसावां: 1 अप्रैल 2026 (1292 अभ्यर्थी)
नीमडीह: 2 अप्रैल 2026 (1174 अभ्यर्थी)
गैर तकनीकी (शहरी): 4 अप्रैल 2026 (293 अभ्यर्थी)
तकनीकी (शहरी): 4 अप्रैल 2026 (172 अभ्यर्थी)
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन में अंकित प्रखंड और स्थानीय निवास प्रमाण पत्र में अंकित प्रखंड अलग पाए गए हैं, उन्हें उनके स्थानीय निवास प्रमाण पत्र में दर्ज प्रखंड के आधार पर ही अंतिम मास्टरशीट में शामिल किया गया है।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे प्रकाशित मास्टरशीट में अपना नाम, निबंधन संख्या एवं प्रखंड का मिलान कर निर्धारित तिथि पर परीक्षा में शामिल हों।
शारीरिक व लिखित परीक्षा में सफल शहरी अभ्यर्थियों की तकनीकी परीक्षा संबंधी सूचना अलग से दैनिक समाचार पत्रों के माध्यम से प्रकाशित की जाएगी।