खरसावां से 60 श्रद्धालुओं का जत्था जगन्नाथ धाम पुरी के लिए रवाना,
Kharsawan
खरसावां प्रखंड मुख्यालय स्थित राज प्लेस चौक से रविवार को करीब 60 श्रद्धालुओं का जत्था भगवान जगन्नाथ के पवित्र धाम जगन्नाथ धाम पुरी के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु वी.आई.पी. पुश बैक स्लीपर कोच बस से तीर्थ यात्रा पर निकले। बस रवाना होने से पूर्व श्रद्धालुओं एवं उनके परिजनों में उत्साह का माहौल देखा गया।

इस अवसर पर खरसावां के ग्राम प्रधान सह समाजसेवी साम्बो राउत ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। उन्होंने कहा कि शुभ प्रकाश कर, सत्य प्रकाश कर एवं सानबाबू दाश द्वारा प्रत्येक वर्ष क्षेत्र के श्रद्धालुओं को सामान्य शुल्क में प्रभु जगन्नाथ धाम की यात्रा कराना सराहनीय पहल है। इससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोगों को कम खर्च में धार्मिक यात्रा का अवसर मिलता है।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा के दर्शन करेंगे तथा पुरी के आसपास के अन्य धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों का भी भ्रमण करेंगे। रवाना होने से पूर्व सभी यात्रियों के लिए मंगलकामना की गई और सुरक्षित यात्रा की प्रार्थना की गई। मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालुओं के परिजन उपस्थित रहे। सभी ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
