ट्रक की रोशनी से चौंधिया कर बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल।
Seraikella
सरायकेला। सरायकेला थाना अंतर्गत सरायकेला-चाईबासा मुख्य मार्ग पर सरस्वती शिशु मंदिर के समीप रविवार की शाम घटी एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान 19 वर्षीय डेनियल कालुंडिया, अरब हेंब्रम और अशोक तिर्की के रूप में हुई है। तीनों तितिरबिला के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि रविवार की शाम तकरीबन 6:30 बजे तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर घूमने निकले थे। जैसे ही वे सरायकेला शिशु मंदिर के सामने पहुँचे, सामने से आ रहे एक ट्रक की तेज रोशनी (हाई बीम) के कारण बाइक चालक को रास्ता दिखाई नहीं दिया। अनियंत्रित होकर बाइक ट्रक से टकरा गई, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिरकर लहुलुहान हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से एम्बुलेंस बुलाई गई। घायलों को तत्काल सदर अस्पताल, सरायकेला ले जाया गया।
डेनियल कालुंडिया फिलहाल सदर अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
अरब हेंब्रम और अशोक तिर्की को प्राथमिक उपचार के बाद इनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया है। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है।
