ग्राम सभा मंच का बदला नाम, अब कहलाएगा ‘पारंपरिक ग्राम सभा मंच सरायकेला-खरसावां’,सनातन सिंह कुंटिया बने अध्यक्ष,
Kuchai
सरायकेला-खरसावां जिले में पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए कुचाई के मुंडा-मानकी भवन मे ग्राम सभा मंच सरायकेला-खरसावां का जिला स्तरीय पुनर्गठन एवं पुनः नामांकन कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता मानसिंह मुंडा ने की, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए पारंपरिक ग्राम सभा के सदस्य एवं गणमान्य प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से संगठन का नाम बदलकर अब ‘पारंपरिक ग्राम सभा मंच सरायकेला-खरसावां’ करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही मंच का पुनर्गठन भी किया गया। नई कार्यकारिणी के तहत सनातन सिंह कुंटिया को अध्यक्ष, राजेश मुंडारी को सचिव, कुमारी मोती को कोषाध्यक्ष एवं मालती हांसदा को उपकोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
सलाहकार समिति का गठन
संगठन को मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से सलाहकार समिति का भी गठन किया गया, जिसमें सुरेश चंद्र सोय, सुखराम मुंडा, श्यामलाल मार्डी एवं दिवाकर सोरेन को शामिल किया गया। बैठक के दौरान संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, ग्राम सभाओं की भूमिका को जमीनी स्तर पर प्रभावी करने तथा पारंपरिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ ढंग से संचालित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि पुनर्गठन के माध्यम से मंच को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी, जिससे ग्रामीण स्वशासन व्यवस्था को मजबूती प्रदान होगी।कार्यक्रम में दोलू सिंह सरदार, बबलु मुर्मू, बृहस्पति सरदार सहित बड़ी संख्या में पारंपरिक ग्राम सभा मंच के सदस्य एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
.
